किच्छा- जिला उधमसिंह नगर के किच्छा क्षेत्र के आवास-विकास कालोनी में बैंक कर्मी के मकान में लगी आग से घर का सारा सामान खाक हो गया। आग बुझाते समय मकान स्वामी भी झुलस गया। उसे सीएचसी किच्छा में भर्ती कराया गया है।
आवास विकास गुरुद्वारे के पास ओबीसी बैंक कर्मी विनोद यादव परिवार के साथ रात्रि में सो रहे थे। उसके बाथरूम में गैस से चलने वाला गीजर लगा था। रात्रि में उसका रेगुलेटर खुला रह गया। इस बीच चूहे ने पाइप काट दिया।
इससे फैली गैस से आग लग गई और बाहर बने शेड तक आग फैल गई। लपटे उठती देख कर बाहर से जा रहे व्यक्ति के हल्ला मचाने पर घर के सदस्यों में हड़कंप मच गया। शोर सुन कर जब विनोद की नींद खुली तो उनके होश उड़ गए।
किसी तरह उन्होंने घर के सदस्यों को बाहर निकाला। इस दौरान आग बुझाने के चलते वह भी झुलस गए। सूचना पर दमकल वाहन लेकर पहुंचे कर्मियों ने कड़ी मशकत कर आग पर काबू पाया। आग से पांच लाख से अधिक के नुकसान का अनुमान है।