देहरादून। अब कांग्रेस भी हाइटेक होने लगी है। नए जमाने के साथ चलने के लिए कांग्रेस ने भी अब एक नया मोबाइल एप लॉंच किया है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने ‘महिला शक्ति प्रोजेक्ट’ एप को लांच किया है। साथ में महिला प्रदेश प्रभारी सुनीता सहरावत भी मौजूद रहीं।
इस एप के जरिए कांग्रेस की कोशिश अपनी महिला कार्यकर्ताओं तक पहुंच बनाने और उनकी पार्टी में सक्रिय भागीदारी की है। कांग्रेस के जरिए जारी किए गए इस एप से कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता अपने सुझाव शिकायतों को अपने आला नेताओं तक पहुंचा सकती है।
कांग्रेस को उम्मीद है कि इससे पार्टी में एक सकारात्मक माहौर बनेगा और संवादहीनता को खत्म किया जा सकेगा।
वैसे इस मोबाइल एप लांच के मौके पर सबसे दिलचस्प मौजूदगी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य की रही। सरिता आर्य पार्टी में पुराने नेताओं को लाने से नाराज चल रहीं थीं। बीच में उन्होंने अपनी तल्खी जाहिर भी की। लेकिन हैरतअंगेज तरीके से सरिता आर्य बिना मनाए ही मान गईं औऱ पार्टी के कार्यक्रम में नजर आईं।