नई दिल्ली : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए।
इस दौरान महामहिम राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति वैंकैया नायडू, पीएम मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री, राहुल गांधी, पूर्व पीएम मनमोहन सिंह सहित कई दिग्गज नेता मौजूद रहे साथ ही सेना प्रमुख बिपिन रावत, जल सेना प्रमुख और वायु सेना प्रमुख ने भी अटली जी के पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि अर्पित की.
वहीं भाजपा प्रदेश कार्यालय में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर पार्टी का ध्वज आधा झुकाया गया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पूर्व प्रधानमंत्री के नाजुक स्वास्थ्य की जानकारी मिलते ही प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारी व कार्यकर्ता जमा होने शुरू हो गए थे। शाम को जैसे ही उनके निधन का समाचार आया पूरा वातावरण शोक मग्न हो गया। इसके बाद सभी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। पुष्पांजलि देने वालों में उच्च शिक्षा व सहकारिता राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत, महामंत्री संगठन संजय कुमार, विधायक हरबंश कपूर, खजान दास, मुकेश कोली व प्रदेश मीडिया प्रमुख देवेंद्र भसीन आदि शामिल थे।