किच्छा- कितनी गजब बात है पूरे भारत में स्वच्छ भारत अभियान का डंका पीटा जा रहा है। जबकि इधर डबल इंजन के दौर में किच्छा नगर पालिका के सफाई कर्मचारियों को पगार के लिए लगातार टरकाया जा रहा है।
किच्छा को साफ-सुथरा रखने वाले सफाई कर्मियों की माने तो पिछले तीन महिने से उन्हें तन्ख्वाह नहीं मिली है। ऐसे में बिना पैसे महंगाई के दौर में घर गृहस्थी संभालने में हो रही दिक्कत ने सफाई कर्मियों को विरोध-प्रदर्शन के लिए मजबूर कर दिया।
लिहाजा नगर पालिका के रवैए से परेशान सफाई कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान सफाई कर्मियों ने नगरपालिका में तैनात कुछ कर्मचारियों पर रिश्वतखोरी का संगीन आरोप भी जड़ा। अपने मेहनताने के लिए परेशान सफाई कर्मियों की माने तो कुछ कर्मचारी उनसे वेतन दिलाने की एवज में नजायज पैसा भी वसूलते हैं।
बहरहाल नाराज सफाई कर्मी कांग्रेस नेता हरीश पनेरू को साथ लेकर अपर जिलाधिकारी प्रताप शाह से मिले जबकि ए. एस. पी. क्राइम कमलेश उपाध्याय को अपने शोषण की दास्तान सुनाकर एक्शन लेने की गुहार लगाई।