संवाददाता। सुन्दर फूलों वाला बुरांस का वृक्ष जहां उत्तराखंड का राज्य वृक्ष है, वहीं नेपाल में बुरांस के फूल को राष्ट्रीय फूल घोषित किया गया है। गर्मियों के दिनों में ऊंची पहाडिय़ों पर खिलने वाले बुरांस के सूर्ख फूलों से पहाडिय़ां भर जाती हैं। हिमालयी क्षेत्रों में 1500 से 3600 मीटर की ऊंचाई पर पाया जाने वाला बुरांस जहां अपनी सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है वहीं इस में कई लाभदायी गुण होते हैं। इसलिए प्राचीन काल से ही आयुर्वेद में बुरांश को महत्त्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इस पेड़ में सीजन में ही फूल खिलते हैं। इन फूलों का रंग लाल, गुलाबी और सफेद होता है। लेकिन लाल बुरांश सबसे ज्यादा औषधीय गुणों से भरपूर होता है। बुरांश के फूल का जूस हृदय रोग, किडनी, लिवर के अलावा रक्त कोशिकाओं को बढ़ाने और हड्डियों के सामान्य दर्द के लिए बहुत लाभदायी होता है। जूस के अलावा बुरांश की पत्तियां जैविक खाद बनाने में और इस की लकड़ी फर्नीचर व कृषि उपकरण बनाने में प्रयोग की जाती है।