उधमसिंह नगर : जिले के रुद्रपुर में महिलाओं के बीच खूब जूते-चप्पल चले. टेंपो और मैजिक यूनियन को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। जिसमें महिलाएं भी पीछे नहीं रही। उनके बीच भी खूब जूते-चप्पल चलें. इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। यह देख यातायात निरीक्षक पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और बीच बचाव किया। साथ ही दोनों पक्षों की चार महिलाओं को पूछताछ के लिए पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
हल्द्वानी-रुद्रपुर टेंपो और मैजिक यूनियन का विवाद लंबे समय से चल रहा
पुलिस के मुताबिक, हल्द्वानी-रुद्रपुर टेंपो और मैजिक यूनियन का विवाद लंबे समय से चल रहा है। कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो चुकी है। गुरुवार दोपहर टेंपो यूनियन के अध्यक्ष विजयवीर सिंह और मैजिक यूनियन की हल्द्वानी निवासी महिला अध्यक्षा के बीच विवाद हो गया। बात बढ़ी तो महिला अध्यक्षा से जुड़े यूनियन के लोगों ने वियजवीर से मारपीट कर दी। इसके कुछ देर बाद विजयवीर सिंह पक्ष की महिलाएं भी डीडी चौक पर पहुंच गई।
मैजिक यूनियन अध्यक्षा को पकड़ा की धुनाई
उन्होंने मैजिक यूनियन अध्यक्षा को पकड़ लिया और उसकी धुनाई शुरू कर दी। इससे दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए और डीडी चौक पर उनके बीच खूब मारपीट हुई। मारपीट में महिलाएं भी पीछे नहीं रही। उन्होंने भी एक दूसरे पक्ष की महिलाओं पर चप्पलों से हमला किया।
इस मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसका पता चलते ही यातायात निरीक्षक मनीष शर्मा यातायात पुलिस कर्मियों के साथ पहुंचे और बीच बचाव किया। साथ ही दोनों पक्षों की चार महिलाओं को पकड़ लिया। बाद में उन्हें कोतवाली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। कोतवाल कैलाश भट्ट ने बताया कि जांच की जा रही है। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।