उत्तरकाशी: प्रदेश में हो रही लगातार बारिश से सबसे ज्यादा नुकसान पहाड़ी क्षेत्रों में हुआ है। जगह-जगह हो रहे भूस्खलन के कारण कई मार्ग बंद हो गए हैं। लगातार हो रही बारिश के कारण चार धाम यात्रा मार्गों पर करीब ढाई हजार यात्री फंसे हुए हैं। हालात को भांपते हुए प्रशासन ने यात्रियों को पैदल मार्ग पर पड़ने वाले पड़ावों पर ही रोक दिया हैं। अब 1300 से ज्यादा श्रद्धालु मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं बदरीनाथ के पास लामबगड़ में भी मलबा आने से बदरीनाथ सड़क बंद है। इससे करीब ढाई सौ यात्री बदरीनाथ और लामबगड़ के बीच फंसे हुए हैं। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री हाईवे का यही हाल है। यमुनोत्री हाईवे पर बड़कोट के पास यात्री सड़क के ध्वस्त हिस्से को पैदल पारकर वाहनों में सवार हो रहे हैं। जबकि गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी 24 घंटे से दो स्थानों पर बंद है। मौसम केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह के अनुसार मौसम के रुख में बदलाव की संभावना नहीं है। गढ़वाल और कुमाऊं के कुछ इलाकों में भारी वर्षा की आशंका भी है।