देहरादून- भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के दिल्ली लौट जाने के बाद आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह भाजपा पर बरसे। पत्रकार वार्ता करते हुए प्रीतम सिंह ने अमित शाह के हर दावे को खारिज किया और और भाजपा को वादा करके भूलने वाली पार्टी करार दिया। प्रीतम ने नोटबंदी से लेकर काला धन, किसानों के कर्ज से लेकर एनएच 74 की जांच और सूबे की नई शराब नीति हर मामले पर भाजपा सरकार को घेरा।
प्रीतम ने कहा महंगाई से आम आदमी त्रस्त है लेकिन भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को महंगाई नहीं दिखती। प्रीतम सिंह ने कहा भाजपा ने अमित शाह के दौरे पर पैसा पानी की तरह बहाया इससे पता चलता है कि नोटबंदी का फायदा देश को नहीं सिर्फ और सिर्फ भाजपा को हुआ। अब हाल ये है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष न काले धन पर बोलते हैं न किसानों की कर्ज माफी पर, न बेरोजगार युवाओं के रोजगार देने की बात करते हैं और न आम आदमी के खाते में 15-15 लाख रूपए आने की बात करते हैं। कर्ज के बोझ तले किसान खुदकुशी कर रहे हैं लेकिन भाजपा को पीड़ा नहीं होती।
पीसीसी चीफ ने भाजपा पर संगीन आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले तीन सालों में भाजपा ने खूब जमीने खरीदी हैं। जबकि केंद्र सरकार ने जम कर जमीने हड़पी हैं। उन्होंने कहा देहरदून से लेकर प्रदेश के दूसरे हिस्सों मे भाजपा वालों ने जमीने बटोरी हैं। प्रीतम ने कहा एन एच 74 पर कांग्रेस सीबीआई की जांच की मांग करती है लेकिन भाजपा चुप्पी साध जाती है। बेजेपी की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अतंर बताते हुए प्रीतम सिंह ने कहा कि देश में जो विकास हुआ है और जो हो रहा है वो सब कांग्रेस की देन है। भाजपा अभी तक कुछ भी विकास नहीं कर पाई।
इसके साथ ही सिंह ने कहा भाजपा अध्यक्ष अध्यक्ष अमित शाह अपने देहरादून दौरे पर लगातार 10 मिनट तक राहुल गांधी के बारे में बोलते रहे जो साफ करता है कि भाजपा को राहुल गंधी चुनौती दे रहे हैं।