देहरादून। उत्तराखंड में अगले 48 घंटे मौसम के लिहाज से भारी पड़ सकते हैं। मौसम विभाग ने इस संबंध में अलर्ट जारी किया है। राज्य के सभी जिलों के जिलाधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 07 मई की देर रात से राज्य में आंधी-तूफ़ान शुरू हो सकता है। हवाओं की गति 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे तक होने की आशंका जताई गई है। मौसम का ये रुख अगले 48 घंटों तक बना रह सकता है। इसके साथ ही राज्य के कई इलाकों में तेज़ गरज चमक के साथ वज्रपात की आशंका भी है। ऐसे में जान माल का नुकसान हो सकता है। भूस्खलन और मार्ग बंद होने की घटनाएं भी हो सकती हैं। लिहाजा सभी जिलाधिकारियों को आपदा प्रबंधन के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं सरकार ने आमलोगों के लिए भी एडवाइजरी जारी की है। आपदा प्रबंधन विभाग ने आंधी तूफान के वक़्त सुरक्षित जगह तलाशने की सलाह दी है। ऊंची मीनारों, ऊंची इमारतों से दूर रहने के साथ ही खुली जगहों और पेड़ों के नीचे आश्रय न लेने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही आपातकालीन फोन नंबर की लिस्ट साथ रखने और मौसम के ताजा अपडेट संचार माध्यमों से लेते रहने को कहा गया है। वहीं वज्रपात की स्थिति से बचने के लिए विशेष रूप से पर्वतीय इलाकों के लोगों को घर के भीतर ही रहने की सलाह दी गई है। गदेरों के पास जाने से भी मना किया गया है। आंधी तूफान को देखते हुए स्कूलों में छुट्टियों की घोषणा की गई है।