प्रेमी से पति बने एक शख्स के खिलाफ पहले उसकी प्रेमिका और अब उसकी बीवी ने लक्सर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। यही नहीं महिला ने ससुराल पक्ष के दस लोगों के खिलाफ भी इस मामले में तहरीर दी है। महिला ने अपने पति पर बिना इजाजत गर्भपात कराने और बिना तलाक दिए दूसरी शादी का आरोप लगाया है।
बताया जा रहा है कि लक्सर के सुठारी गांव में एक महिला का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसी दौरान महिला गर्भवती हो गई। इस बात की खबर लगते ही प्रेमी ने महिला का गर्भपात करवा दिया। इस घटना की जानकारी पंचायत को भी हो गई। बाद में पंचायत ने दोनों का निकाह करवा दिया। निकाह के बाद महिला फिर से गर्भवती हुई तो शख्स ने एक बार उसका गर्भपात करवा दिया।
इसके बाद शख्स ने महिला को घर से निकाल कर बाहर कर दिया। इसके साथ ही एक अन्य महिला से निकाह भी कर लिया। अब शख्स की पहली बीवी पुलिस थाने पहुंची है। उसने अपने पति पर जबरन गर्भपात कराने और बिना तलाक दूसरी शादी करने का आरोप लगाया है।