देहरादून- अगर दिवाली 2017 के मौके पर आप इस शुभ मुहूर्त में लक्ष्मी पूजन करेंगे तो मां लक्ष्मी आप पर धनवर्षा करेंगी, ऐसी मान्यता है । आज 19 अक्तूबर को दीपावली का उत्सव है आज के दिन आस्थावान श्रद्धालु धन की देवी माता लक्ष्मी और विघ्नविनाशक भगवान गणेश की पूजा करते हैं।
पंचांग के मुताबिक आज सुबह 7.18 बजे हस्त नक्षत्र था। इसके बाद चित्रा नक्षत्र लगने के साथ ही गुरु चित्रा योग शुरू हो जाएगा, जो कि अगले शुक्रवार को साढ़े आठ बजे तक रहेगा। बताया जा रहा है कि साल 1990 में भी गुरुवार के दिन चित्रा नक्षत्र में दीपावलीआई थी तब यह शुभ संयोग बना था।
पंचांग विशेषज्ञों की राय है कि इस बार अमावस्या तिथि गुरुवार और चित्रा नक्षत्र का मिलन 27 वर्ष बाद जबकि चतुर्ग्रही योग का संयोग 12 वर्ष बाद बन रहा है।
दीपावली पर पदम योग, सूर्य और बुध की युति होने से बुधादित्य योग भी बन रहा है। ज्योतिषों के अनुसार यह योग व्यापारी वर्ग के लिए विशेष फलदाई है। इसके साथ ही आम लोगों के लिए भी यह योग शुभ माना जा रहा है।
सूर्य, चंद्रमा, बुध और बृहस्पति चारों ग्रह तुला राशि पर रहेंगे। इस संयोग में खरीदारी करना शुभ माना जाता है। वैसे भी बृहस्पतिवार को (सोना) आभूषण, भूमि, वाहन का क्रय करना शुभप्रद होता है।
पंचांग के जानकारों के मुताबिक यह संयोग अब चार साल बाद यानी वर्ष 2021 में बनेगा। बहरहाल आज यानि 19 अक्तूबर को सुबह 7.18 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके बाद चित्रा नक्षत्र लगेगा। चित्रा नक्षत्र 20 अक्तूबर यानि शुक्रवार को सुबह 8.30 बजे तक रहेगा। इस बार दीवाली पर प्रदोषकाल शाम 5.38 मिनट से रात 8.14 मिनट तक रहेगा, इस दौरान पूजा करना अतिशुभ रहेगा।