बनबसा- लगातार दो दिन नेपाल सीमा पर चरस तस्करी की घटना साबित कर रही हैं कि तस्करों के लिए महिलाएं और उत्तराखंड से सटी भारतीय सीमा सॉफ्ट टॉरगेट बन गई है। आज सुबह भी नेपाल सीमा पर एसएसबी के जवानों ने दो महिला चरस तस्करों को धर दबोचा है। दोनो महिलाए नेपाली मूल की हैं। उनके पास से साढे 8 किलो चरस बरामद हुई है। लगता है नेपाल के चरस तस्करों को भारत का बाजार मुफीद साबित हो रहा है। बीते रोज भी यहां एक महिला और दो अन्य चरस तस्करों को हिरासत में लिया गया था। जिनसे साढ़े 4 किलो के करीब चरस बरामद हुई थी।
आज सुबह एसएसबी के जवानों ने मुखबिर की सूचना पर नेपाल से भारत की ओर आ रही दो महिलाओं को शक के आधार पर रोका। तलाशी लेने पर जवानों का अनुमान सही साबित हुआ। दोनों महिलाओं के सामान की तलाशी के दौरान उनसे चरस की उक्त मात्रा बरामद की गई। दोनों महिलाएं नेपाली हैं जिनमे एक जिला कपिलवस्तु के ग्राम बिजगोरी की रहने वाली जबकि दूसरी जिला रूपनदेही के बोहरा गांव की बताई जा रही है। दोनों महिलाएं 40 साल से कम उम्र की हैं। हालांकि महिला चरस तस्करो से एसएसबी के अधिकारी पूछताछ में जुटे हैं माना जा रहा है कि इनका एक बड़ा नेटवर्क है।