नैनीताल- भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई प्रस्ताव पास हुए जिनमें प्रचंड बहुमत को बचाने के चुनौती के साथ भाजपा को और मजबूत करने के प्रस्ताव पास हुए।
2019 के लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा का ज्वार जनता के बीच बरकरार रहे इसके लिए कार्यसमिति में भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करने का निर्णय लिया गया। ताकि लोकसभा चुनाव में भाटा का सामना न करना पड़े।
इसके लिए भाजपा 10 हजार नए पार्टी सदस्य बनाएगी। जबकि सरकार पंडित दीनदयाल के सिंद्धातों पर अमल करते हुए विकास के दीप को समाज के आखिर आदमी तक पहुंचाएगी। संगठन भाजपा को जहां सूबे में जन-जन के द्वार तक पहुंचाने का काम करेगा, वहीं सरकार अपने निर्णयों से भाजपा को जन-जन के दिल तक पहुंचाने का काम करेगी।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बारे में जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि राज्य में भाजपा को और मजबूत करते हुए बूथ स्तर पर काम किया जाएगा। वहीं उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया कि जल्द ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तीन दिन के प्रवास पर उत्तराखंड आंएगे।
माना जा रहा है कि अपने प्रवास मे अमित शाह पार्टी कार्यकर्ताओं को टिप्स देंगे ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का परचम लहराता रहे।