देहरादून- ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित होने वाले 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में उत्तराखंड के दो खिलाडी शिरकत करेंगे। दोनो खिलाड़ियों से देश के साथ-साथ प्रदेश का नाम रोशन करने की उम्मीद है।
एथलेटिक्स में उत्तराखंड के मनीष रावत और महिला हॉकी टीम में वंदना कटारिया देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इन दोनों खिलाड़ियों का राष्ट्रमंडल खेल के लिए चयन हुआ है।
गौरतलब है कि ऑस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में चार से 15 अप्रैल तक 21वें राष्ट्रमंडल खेल होने हैं। राष्ट्रमंडल खेल के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया और हॉकी इंडिया ने अपनी टीम घोषित कर दी है।
देश की 31 सदस्यीय एथलेटिक्स टीम में उत्तराखंड पुलिस के जवान मनीष सिंह रावत को चुना गया है। चमोली जिले के सागर गांव के निवासी मनीष 20 किलोमीटर वॉक रेस में भाग लेंगे। वहीं हरिद्वार की वंदना काटरिया हॉकी टीम में खेलेंगी।
मनीष रावत ने पांचवीं नेशनल रेस वॉकिंग चैंपियनशिप में रजत पदक जीतकर राष्ट्रमंडल खेल के लिए क्वालीफाई किया है। जबकि सूबे के बेटी वंदना ने उत्तराखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी होंगी। हालांकि इससे पहले वंदना रियो ओलंपिक 2016 में भी भारतीय महिला हॉकी टीम का हिस्सा रह चुकी है।