कर्णप्रयाग- विधानसभा क्षेत्र थराली के विधायक मगन लाल शाह का सोमवार को राजकीय सम्मान के साथ अलकनंदा एवं पिण्डर नदी के संगम कर्णप्रयाग में अंतिम संस्कार किया गया।
दिवंगत विधायक के ज्येष्ठ पुत्र गणेश शाह ने अपने पिता की चिता को मुखाग्नि दी। वहीं क्षेत्र के सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दिवंगत विधायक को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अंतिम विदाई दी।
दिवंगत विधायक के अंतिम संस्कार में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए तथा विधायक मगन लाल शाह अमर रहे के नारे भी लगाये। प्रदेश के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चन्द्र अग्रवाल, उच्च शिक्षा मंत्री डाॅ. धनसिंह रावत, विधायक महेन्द्र भट्ट, सुरेन्द्र सिंह नेगी, रूद्रप्रयाग विधायक भरत चैधरी, देव प्रयाग विधायक विनोद कण्डारी और कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता लखपत सिंह बुटोला समेत कई सियासी पार्टियों के दर्जनों लोग दिवंगत विधायक मगन लाल शाह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने विधायक मगन लाल शाह के निधन पर गहरा दुःख प्रकट करते हुए दिवंगत की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घडी में उसके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की। उन्होंने कहा कि दिवंगत विधायक हमेशा से ही क्षेत्र के विकास के लिए समर्पित रहे है। वे बहुत ही सरल स्वभाव व मृदुभाषी व्यक्ति थे और हमेशा ही क्षेत्र के विकास के लिए सघर्षरत रहते थे।
मुख्यमंत्री गौचर हवाई पट्टी से कार द्वारा सीधे दिवंगत विधायक के कर्णप्रयाग स्थित आवास पहुॅचे। जहाॅ उन्होंने दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को सात्वना दी। मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचन्द्र अग्रवाल, मंत्री डा0 धनसिंह सहित अन्य विधायकों ने दिवंगत विधायक की अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें पुष्पचक्र अर्पित किये तथा भावभीनी श्रद्धाजंलि दी। अंतिम संस्कार के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने दिवंगत विधायक की याद में वृक्षारोपण भी किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि दिवंगत विधायक के निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है, जिसकी भरपाई करना बहुत मुश्किल है। उन्होंने कहा कि दुःख की इस घडी में हम सब उनके परिवार के साथ खडे है। ईश्वर उनके परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जिलाधिकारी आशीष जोशी ने राज्यपाल के प्रतिनिधि के तौर पर दिवगंत विधायक को पुष्पचक्र अर्पित किये, वही पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट व अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी श्रृद्वाजंलि व पुष्पचक्र अर्पित किये। गौरतलब है कि थराली विधायक मगन लाल शाह का 25 फरवरी सायं को लगभग 10ः25 बजे को हिमालयन हाॅस्पिटल जौलीग्रांट, देहरादून में निधन हो गया था।